मुंबई में सड़कों की कुल लंबाई 2050 किमी है। वर्ष 2022 से पहले करीब 990 किमी सड़कें सीमेंटेड हुई थीं। जनवरी 2022 से मई 2023 तक कुल 158 किमी सड़कें सीमेंटेड की गईं। मुंबई में अब तक कुल 1148 कि.मी. लंबी सड़कें सीमेंटेड हुई हहैं। वर्ष 2023-24 में 400 किमी सड़कों के लिए ठेका जारी किया गया है।
मुंबई: सड़कों को सीमेंटेड करने की धीमी रफ्तार के बीच मुंबई में बीएमसी बाकी 400 किमी लंबी सड़कों के सीमेंटीकरण को लेकर जल्द ही टेंडर जारी करेगी। इस पर करीब 7000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले इस प्रॉजेक्ट का भूमि पूजन हो सकता है। वर्ष 2022 में 400 किमी लंबी सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए बीएमसी ने 6078 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया था, जिसका काम काफी धीमी गति से चल रहा है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी ने मुंबई की सड़कों को पूरी तरह से सीमेंटेड करने का बीड़ा उठाया है। बीएमसी के अडिशनल कमिश्नर पी़ वेलरासू ने कहा कि हमारी कोशिश है कि सड़कों को सीमेंटेड करने के काम में तेजी आए। इसके लिए हम लगातार अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर रहे हैं। मुंबई में 2050 किमी लंबी सड़कों में से यही 400 किमी लंबी सड़कें रह गई हैं, जिनका अब तक टेंडर नहीं हुआ था। हमारी कोशिश है कि पुराने काम के साथ सड़कों को सीमेंटेड करने का नया काम भी चलता रहे, इसके लिए टेंडर का ड्रॉफ्ट तैयार कर लिया गया है, अगले दो से तीन हफ्ते में टेंडर जारी कर दिया जाएगा।
ऐसे हो रहा सड़कों को सीमेंटेड करने का काम
मुंबई में कुल मिलाकर लगभग 2050 किमी लंबी सड़कें हैं, इनमें से 50 प्रतिशत से अधिक सड़कें सीमेंटेड हो चुकी हैं। बीएमसी ने वर्ष 2021-22 में 236 किमी लंबी सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए बीएमसी ने 2200 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। इन कार्यों को बीएमसी ने मार्च 2022 से पहले मंजूरी दे दी गई थी। लेकिन इन सड़कों को सीमेंटेड करने का काम अक्टूबर, 2022 से प्रारंभ किए गए यह कार्य अब भी जारी हैं। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जून, 2022 में बीएमसी कमिश्नर आई़ एस़ चहल से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए योजना बनाने का निर्देश दिया।
6,078 करोड़ का टेंडर
नवंबर, 2022 में बीएमसी ने करीब 400 किमी लंबी सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए 6,078 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया। इसमें 910 सड़कों के काम के लिए 5 ठेकेदारों को ठेका दिया गया। जनवरी, 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन कार्यों का भूमिपूजन किया। जनवरी 2023 में ही सड़कों के सीमेंटीकरण का वर्क ऑर्डर भी जारी किया गया। पूर्व और पश्चिम उपनगर की सड़कों का काम अक्टूबर, 2023 से शुरू हो गया, लेकिन मुंबई शहर का काम अब तक नहीं शुरू हो पाया है और मामला मुंबई हाई कोर्ट में लंबित है। वर्ष 2022 में 400 किमी सड़कों को सीमेंटेड करने का जो ठेका दिया गया, उसमें से सिर्फ 5 से 6 प्रतिशत ही काम अब तक हो पाया है।